पानी-बिजली संकट और महंगाई के खिलाफ 29 मई को कांग्रेस का ‘मटका फोड़ प्रदर्शन’
Bikaner News Politics

पानी-बिजली संकट और महंगाई के खिलाफ 29 मई को कांग्रेस का ‘मटका फोड़ प्रदर्शन’

May 27, 2026

 

बीकानेर. शहर में गहराते पानी संकट, लगातार बढ़ती महंगाई और भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती के विरोध में बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने 29 मई को बड़े प्रदर्शन की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रदर्शन पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में किया जाएगा।

 

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि नहर बंदी समाप्त होने के बावजूद शहर के कई इलाकों में अब तक पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। भीषण गर्मी के दौर में आमजन बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, वहीं बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर की जा रही कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। साथ ही पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी की कमर टूट रही है।

 

 

 

प्रदर्शन के तहत 29 मई, शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे रतन बिहारी पार्क से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन हाथों में खाली मटकियां लेकर विरोध जताएंगे। मार्च के बाद जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने ‘मटका फोड़ प्रदर्शन’ किया जाएगा, ताकि प्रशासन और सरकार का ध्यान शहर की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा सके।

 

 

 

कांग्रेस नेता विकास तंवर ने बताया कि यह प्रदर्शन आम नागरिकों को बिजली-पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं का अधिकार दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।

 

 

वहीं यशपाल गहलोत ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर शहरवासियों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली और महंगाई जैसे मुद्दे सीधे आमजन से जुड़े हैं और इन पर सामूहिक आवाज उठाना जरूरी है।

 

 

शहर कांग्रेस के युवा नेता गिरधर जोशी के अनुसार प्रदर्शन को लेकर सभी वार्डों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी, PCC सदस्य, जिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, NSUI, सेवादल, INTUC, वार्ड अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन इसमें भाग लेवे।