दोनों दलों से 10 प्रतिशत टिकट देने की मांग, फिर महापौर पद पर भी दावेदारी
बीकानेर. आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राजपूत समाज ने भी राजनीतिक भागीदारी की मांग तेज कर दी है। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से राजपूत समाज के अधिक से अधिक उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने की मांग की है।
सिसोदिया ने कहा कि बीकानेर नगर निगम में कुल 80 वार्ड हैं। राजपूत समाज दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से 10-10 प्रतिशत सीटों पर समाज के उम्मीदवारों को टिकट देने की मांग कर रहा है। इस हिसाब से भाजपा और कांग्रेस से कम से कम 8-8 वार्डों में राजपूत समाज के दावेदारों को टिकट दिया जाना चाहिए। टिकटों में बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों को समान रूप से शामिल करने की मांग भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बार महापौर का पद सामान्य वर्ग के लिए है। ऐसे में राजपूत समाज की ओर से महापौर पद पर भी दावेदारी प्रस्तुत की जाएगी। इसके लिए जल्द ही भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं चुनाव प्रभारियों से मुलाकात कर समाज का पक्ष रखा जाएगा।
सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि यदि दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने राजपूत समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया तो समाज अपने निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगा। उन्होंने बताया कि पुरानी गिन्नाणी, तिलक नगर, रामपुरा, गांधी कॉलोनी और सुभाषपुरा सहित शहर के कई क्षेत्रों में राजपूत समाज की मजबूत स्थिति है। इन क्षेत्रों से समाज के उम्मीदवार चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि राजपूत समाज लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। इसलिए नगर निगम चुनाव में समाज को उसकी जनसंख्या और प्रभाव के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

