वार्ड 40 में सामान्य महिला को टिकट देने की मांग, सिद्धि कुमारी से मिले वार्डवासी
Bikaner News Politics

वार्ड 40 में सामान्य महिला को टिकट देने की मांग, सिद्धि कुमारी से मिले वार्डवासी

Aug 26, 2026

 

बीकानेर. नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 40 की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद टिकट को लेकर दावेदारी तेज हो गई है। वार्ड के सामान्य वर्ग के लोगों ने भाजपा से इसी वर्ग की महिला कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में वार्डवासियों ने पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी से मुलाकात कर अपनी बात रखी।

 

 

 

वार्डवासियों के अनुसार पिछले नगर निगम चुनाव में यह सीट सामान्य पुरुष के लिए थी, लेकिन पार्टी ने अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशी को टिकट दिया था। अब इस बार सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित हुई है। ऐसे में सामान्य वर्ग के लोगों का कहना है कि पार्टी को उनके वर्ग की महिला दावेदार को चुनाव मैदान में उतारना चाहिए।

 

 

 

प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड से ममता पारीक और वंदना कंवर के नाम सिद्धि कुमारी के सामने रखे। वार्डवासियों का दावा है कि उन्हें दोनों में से किसी एक सामान्य वर्ग की महिला दावेदार को टिकट दिलाने का आश्वासन मिला है।

 

 

 

वार्डवासियों ने आशंका जताई कि सामान्य महिला के लिए आरक्षित सीट पर इस बार भी किसी अन्य वर्ग की दावेदार को टिकट दिया जा सकता है। उनका कहना है कि वार्ड की सीट कई बार सामान्य श्रेणी में आ चुकी है, लेकिन सामान्य वर्ग के स्थानीय कार्यकर्ताओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिला। इस बार पार्टी जनभावनाओं और स्थानीय समीकरणों को देखते हुए सामान्य वर्ग की मजबूत महिला दावेदार को प्राथमिकता दे।

 

 

 

वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि वे पार्टी के समक्ष अपनी मांग लोकतांत्रिक तरीके से रख रहे हैं। अब सभी की निगाहें भाजपा के टिकट वितरण पर टिकी हैं।