80 वार्डों में चुनाव लड़ने का दावा, ‘आप’ को अब तक सिर्फ सात वार्डों में मिले प्रत्याशी
बीकानेर. नगर निकाय चुनाव में बड़ी संख्या में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही आम आदमी पार्टी को अब तक बीकानेर जिले में केवल सात वार्डों के लिए ही प्रत्याशी मिले हैं। पार्टी ने बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में से पांच तथा नोखा नगर पालिका के दो वार्डों में उम्मीदवार घोषित किए हैं।
बीकानेर नगर निगम में वार्ड 3 से त्रिलोक चंद, वार्ड 10 से मंगल प्रजापत, वार्ड 27 से एडवोकेट पवन पुरोहित, वार्ड 36 से संतोष और वार्ड 62 से माल सिंह पुरोहित को टिकट दिया गया है। वहीं नोखा नगर पालिका के वार्ड 8 से जुगल किशोर और वार्ड 16 से राजू गटानी को मैदान में उतारा गया है।
पार्टी की ओर से नगर निगम के सभी वार्डों में चुनावी सक्रियता बढ़ाने की बात कही जा रही थी, लेकिन नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आने के बावजूद बीकानेर नगर निगम में अभी तक केवल पांच उम्मीदवार ही सामने आए हैं। ऐसे में शेष वार्डों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी के सामने बड़ी चुनौती दिखाई दे रही है।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि नामांकन की समय सीमा समाप्त होने से पहले आम आदमी पार्टी कितने और प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार पाती है। फिलहाल सात उम्मीदवारों की घोषणा के साथ पार्टी ने जनसंपर्क और चुनाव प्रचार शुरू करने की तैयारी की है।

