दूसरे दिन नामांकन की होड़, अब तक 42 पर्चे दाखिल, निर्दलीय बनाएंगे कई वार्डों का मुकाबला दिलचस्प
Bikaner News Politics

दूसरे दिन नामांकन की होड़, अब तक 42 पर्चे दाखिल, निर्दलीय बनाएंगे कई वार्डों का मुकाबला दिलचस्प

Aug 29, 2026

बीकानेर. नगर निगम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न वार्डों से 41 दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इससे पहले शुक्रवार को एक नामांकन जमा हुआ था। इस तरह नगर निगम के सभी 80 वार्डों के लिए अब तक कुल 42 नामांकन दाखिल हो चुके हैं।

 

 

अब तक दाखिल नामांकनों में निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है। अलग-अलग वार्डों से कई दावेदार बिना किसी राजनीतिक दल के चुनाव मैदान में उतरे हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की बढ़ती संख्या ने राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय या बहुकोणीय होने के साथ दिलचस्प हो सकता है।

 

 

सोमवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशी भी बड़ी संख्या में पर्चे दाखिल करेंगे। टिकट से वंचित रहने वाले कुछ दावेदार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन कर सकते हैं। ऐसे में सोमवार को निर्वाचन कार्यालय में सबसे अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है।

 

 

नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनावी मैदान की वास्तविक तस्वीर साफ होगी। इसके बाद पता चलेगा कि किन वार्डों में सीधा मुकाबला होगा और किन वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी प्रमुख राजनीतिक दलों का चुनावी गणित प्रभावित करेंगे।