गंगाशहर में बना रहेगा क्षेत्रीय नगर निगम कार्यालय, जनता की सुविधाओं पर नहीं पड़ेगा कोई असर
Bikaner News Politics

गंगाशहर में बना रहेगा क्षेत्रीय नगर निगम कार्यालय, जनता की सुविधाओं पर नहीं पड़ेगा कोई असर

Jun 1, 2026

 

बीकानेर. गंगाशहर स्थित नगर निगम कार्यालय को लेकर चल रही चर्चाओं और क्षेत्रवासियों की चिंताओं के बीच भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने स्पष्ट किया है कि गंगाशहर में नगर निगम की व्यवस्था यथावत रहेगी और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

 

 

सुमन छाजेड़ ने बताया कि इस विषय को लेकर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की भावनाओं से अवगत कराया। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ भी लगातार संवाद किया गया है ताकि आमजन के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

 

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी भी गंगाशहर क्षेत्र की जनता की सुविधाओं को लेकर गंभीर हैं और उनकी स्पष्ट भावना है कि नगर निगम की सेवाएं लोगों को उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध होती रहें।

 

 

छाजेड़ ने बताया कि उन्होंने जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त एवं संभागीय आयुक्त से भेंट कर इस मुद्दे पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से उन्हें आश्वस्त किया गया है कि गंगाशहर स्थित नगर निगम कार्यालय को स्थायी रूप से समाप्त नहीं किया जाएगा।

 

 

उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी विकास कार्य या प्रशासनिक आवश्यकता के चलते वर्तमान कार्यालय भवन में परिवर्तन करना पड़ता है, तो भी कार्यालय को बंद नहीं किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहमति से किसी उपयुक्त स्थान पर इसे स्थानांतरित किया जाएगा ताकि क्षेत्र की जनता को सेवाओं का लाभ पूर्ववत मिलता रहे।

 

 

सुमन छाजेड़ ने कहा कि भाजपा जनता की सुविधाओं और जनभावनाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्थिति में गंगाशहर क्षेत्र के नागरिकों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।

 

 

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री श्याम सिंह हाड़ला, सह कार्यालय प्रभारी रघुवीर प्रजापत एवं ताराचंद गहलोत भी उपस्थित रहे।