नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा का ‘विजय संकल्प सम्मेलन’, तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
बीकानेर. आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के प्रस्तावित ‘विजय संकल्प सम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर रविवार को संभाग कार्यालय में शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ सम्मेलन को प्रभावी और सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि विजय संकल्प सम्मेलन संगठन की एकजुटता और आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रियता, समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल टीटी ने कहा कि यह सम्मेलन भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का प्रभावी प्रदर्शन होगा। तैयारी बैठक में कार्यकर्ताओं के उत्साह और सक्रियता से स्पष्ट है कि सम्मेलन को लेकर संगठन मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि विजय संकल्प सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश और उमंग दिखाई दी। सभी कार्यकर्ता सम्मेलन को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयार हैं।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्याम सिंह हांडला ने किया। जिला प्रभारी देवेंद्र पारीक, चुनाव सह प्रभारी महावीर सैनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य, शशि शर्मा, महावीर रांका, रमजान अब्बासी, जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा, राजेंद्र पंवार, मोहन सुराणा और सुरेंद्र शेखावत सहित जिला, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

