एमटीबी के बाद रोड साइक्लिंग में भी बीकानेर बना चैंपियन, 17 अंकों के साथ जीती टीम ट्रॉफी
Bikaner News Sports

एमटीबी के बाद रोड साइक्लिंग में भी बीकानेर बना चैंपियन, 17 अंकों के साथ जीती टीम ट्रॉफी

Aug 23, 2026

 

बीकानेर. राज्य स्तरीय साइक्लिंग प्रतियोगिता में बीकानेर के साइक्लिस्टों का दबदबा कायम रहा। माउंटेन बाइक (एमटीबी) चैंपियनशिप जीतने के बाद बीकानेर की टीम ने रोड साइक्लिंग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

 

 

 

31वीं राज्य स्तरीय रोड साइक्लिंग प्रतियोगिता रविवार को नाल ओवरब्रिज के पास गेमना पीर रोड पर आयोजित हुई। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे साइक्लिस्टों ने हिस्सा लिया। मेजबान बीकानेर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 अंक हासिल किए और टीम चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

 

 

हनुमानगढ़ की टीम ने 14 अंकों के साथ उपविजेता ट्रॉफी जीती, जबकि बाड़मेर की टीम तीसरे स्थान पर रही। इससे एक दिन पहले आयोजित माउंटेन बाइक चैंपियनशिप में भी बीकानेर की टीम चैंपियन बनी थी। लगातार दो प्रतियोगिताओं में टीम चैंपियनशिप जीतकर बीकानेर के साइक्लिस्टों ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

 

प्रतियोगिता के समापन पर राजस्थान साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन सुखीजा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए। एसोसिएशन की सचिव कीर्ति और जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सुरेंद्र कुकणा ने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

 

 

एसोसिएशन की सचिव कीर्ति ने बताया कि अगली राज्य स्तरीय माउंटेन बाइक और रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप का आयोजन श्रीगंगानगर में किया जाएगा।