भाजपा ने भी बदली टिकट रणनीति, सूची जारी होने की संभावना कम, फोन पर मिल रही प्रत्याशियों को नामांकन करने सूचना
Bikaner News Politics

भाजपा ने भी बदली टिकट रणनीति, सूची जारी होने की संभावना कम, फोन पर मिल रही प्रत्याशियों को नामांकन करने सूचना

Aug 29, 2026

 

बीकानेर. नगरीय निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी अपनी रणनीति बदल दी है। पार्टी प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची सार्वजनिक करने के बजाय चयनित दावेदारों को सीधे फोन कर टिकट मिलने की जानकारी दे रही है।

 

 

जानकारी के अनुसार, भाजपा की ओर से कुछ प्रत्याशियों के पास फोन पहुंच चुके हैं, जबकि शेष चयनित दावेदारों को भी लगातार सूचना दी जा रही है। फोन पर प्रत्याशियों को टिकट मिलने की जानकारी देने के साथ ही निर्धारित समय में नामांकन पत्र दाखिल करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

 

 

माना जा रहा है कि टिकटों की सूची जारी होने के बाद संभावित विरोध, गुटबाजी और बगावत की स्थिति से बचने के लिए पार्टी ने यह तरीका अपनाया है। इससे टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों को एकजुट होने या दबाव बनाने के लिए कम समय मिलेगा।

 

 

हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है। ऐसे में संबंधित वार्डों में फोन आने की चर्चाओं के साथ चुनावी हलचल तेज हो गई है। टिकट के दावेदार अपने मोबाइल पर पार्टी नेतृत्व के फोन का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, जिन नेताओं को सूचना मिल चुकी है, उन्होंने नामांकन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।