भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र: 2 हजार महिला शौचालय, इंडोर स्टेडियम और भूमिगत होंगे बिजली के तार
Bikaner News Politics

भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र: 2 हजार महिला शौचालय, इंडोर स्टेडियम और भूमिगत होंगे बिजली के तार

Sep 3, 2026

 

बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को बीकानेर के विकास का संकल्प पत्र जारी किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने कहा कि यह संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि बीकानेर को विकसित, स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने का रोडमैप है। इसे शहर के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

 

 

 

संकल्प पत्र में शहर की सीवरेज व्यवस्था सुधारने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने, महिलाओं के लिए दो हजार शौचालय बनवाने, खिलाड़ियों के लिए इंडोर स्टेडियम विकसित करने और प्रमुख चौराहों का सौंदर्यकरण करवाने का वादा किया गया है। शहर की सड़कों को एलईडी लाइटों से रोशन करने का संकल्प भी लिया गया है।

 

 

महिलाओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस कनेक्शन पहुंचाने की बात कही गई है। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

 

हरीश द्विवेदी ने बताया कि संकल्प पत्र में वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र खोलने, निराश्रित पशुओं के लिए कैटल हाउस बनाने और लव-कुश वाटिका योजना के तहत शहर के पार्कों को विकसित करने जैसे कार्य भी शामिल हैं। सुरक्षा और व्यवस्थित यातायात की दृष्टि से बिजली के तारों को भूमिगत करने का संकल्प भी लिया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुगम जीवन उपलब्ध करवाना है।

 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र और राजस्थान सरकार की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों को लेकर निकाय चुनाव में जनता के बीच जा रही है। पार्टी युवाओं को केवल राजनीतिक लाभ के लिए आगे नहीं बढ़ाती, बल्कि उनके मुद्दों और समस्याओं को सुनकर समाधान की दिशा में लगातार काम करती है।

 

 

द्विवेदी ने दावा किया कि राजस्थान के सभी दस नगर निगमों में भाजपा के बोर्ड बनने जा रहे हैं। निकायों में भाजपा की सरकार बनने के बाद शहरों के विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी।

 

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, आईटी सेल प्रभारी अविनाश जोशी, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, प्रभारी महावीर सैनी, मीडिया संयोजक कमल गहलोत और मनीष सोनी सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।