केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे बीकानेर, सीमा चौकी सांचू में जवानों से करेंगे संवाद
बीकानेर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात विशेष विमान से बीकानेर पहुंचे, जहां नाल एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद अमित शाह बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय के लिए रवाना हुए, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा।
स्वागत के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, गजेंद्र सिंह, सुमित गोदारा, राजेंद्र राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
बता दे कि 26 मई को गृह मंत्री का पूरा कार्यक्रम सीमा क्षेत्र और बीएसएफ गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा। सुबह 10:20 बजे वे हेलीकॉप्टर से सीमा चौकी सांचू के लिए रवाना होंगे। यहां वे वृक्षारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन और बीएसएफ जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे सीमा पर तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करेंगे तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी भी लेंगे।
इसके बाद अमित शाह महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। महिला जवानों के लिए तैयार नई सुविधाओं को लेकर यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। दोपहर में बैठक और प्रशासनिक कार्यक्रमों के बाद गृह मंत्री शाम 6:25 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
अमित शाह के दौरे को लेकर बीकानेर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

