भट्टी सी तप रही धरती, बीकानेर बना दुनिया का 13वां सबसे गर्म शहर
Bikaner News

भट्टी सी तप रही धरती, बीकानेर बना दुनिया का 13वां सबसे गर्म शहर

May 27, 2026

बीकानेर. मरुधरा में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं। राजस्थान का बीकानेर 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया का 13वां सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है। वहीं श्रीगंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया के पांचवें सबसे गर्म शहर के रूप में सूची में शामिल रहा।

 

 

भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। गर्म हवाओं के कारण कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं।

 

 

दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में पाकिस्तान का जैकोबाबाद 49.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि पाकिस्तान का तुर्बत 48 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

 

 

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल गर्मी से राहत के आसार कम हैं। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

 

 

बीकानेर और श्रीगंगानगर का दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि इस बार मरुधरा सचमुच भट्टी की तरह तप रही है और गर्मी ने कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।