शॉर्ट सर्किट से पांच मंजिला केयर मार्ट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
बीकानेर. शहर के स्टेट वूलन मिल क्षेत्र स्थित केयर मार्ट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन व्यापारिक प्रतिष्ठान को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे के आसपास केयर मार्ट के संचालक को प्रतिष्ठान से धुआं उठने और आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को अवगत कराया। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की दो से तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि इमारत के अंदर लगे लोहे के गार्डर तक गर्मी के कारण मुड़ गए। पांच मंजिला केयर मार्ट की तीन मंजिलों में रखा घरेलू उपयोग का सामान, राशन, स्टेशनरी, घी, तेल, चावल, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
केयर मार्ट क्षेत्र का एक प्रमुख प्रतिष्ठान है, जहां दैनिक जरूरत का लगभग हर सामान उपलब्ध रहता है। आग लगने के समय प्रतिष्ठान बंद था, जिससे कोई कर्मचारी या ग्राहक अंदर मौजूद नहीं था। यही कारण रहा कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलने पर बीछवाल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

