एसडीएम जिला अस्पताल में बनेगा आधुनिक ड्रग स्टोर और रिकॉर्ड रूम, सरकार ने दी 1 करोड़ की स्वीकृति
बीकानेर. सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एस.डी.एम. जिला अस्पताल में आधुनिक ड्रग स्टोर एवं रिकॉर्ड रूम के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राज्य सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 100 लाख रुपये यानी 1 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। यह स्वीकृति चिकित्सा शिक्षा निदेशालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जारी की गई है।
यह स्वीकृति बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास के विशेष प्रयासों और अनुशंसा से प्राप्त हुई है। विधायक श्री व्यास लंबे समय से क्षेत्र की चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उनके प्रयासों से अब अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जारी आदेश के अनुसार इस निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत राशि चिकित्सा महाविद्यालय बीकानेर के बजट प्रावधान से वहन की जाएगी। साथ ही महाविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि संशोधित प्रावधान वर्ष 2026-27 के अनुरूप आवश्यक राशि का प्रस्ताव समय पर भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद दवाओं के सुव्यवस्थित भंडारण की बेहतर व्यवस्था विकसित हो सकेगी। साथ ही मरीजों के रिकॉर्ड को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के लिए आधुनिक रिकॉर्ड रूम भी तैयार किया जाएगा। इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु बनेगी।
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अस्पतालों में आधुनिक रिकॉर्ड प्रबंधन और दवा भंडारण व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हो गई है। नई सुविधाओं के निर्माण से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी तथा अस्पताल प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

