मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ‘लिपापोती’ नहीं, बीकानेर की समस्याओं का स्थायी समाधान हो: भीखाराम मेघवाल
बीकानेर. आगामी 15 अगस्त को प्रस्तावित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले शहर में चल रहे सौंदर्यीकरण और सफाई कार्यों पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के प्रवक्ता भीखाराम मेघवाल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और नगर निगम शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए दिखावटी सफाई और लिपापोती कर रहे हैं।
मेघवाल ने कहा कि बीकानेर की अधिकांश सड़कें जर्जर हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं, नियमित सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। इन समस्याओं के कारण आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन नगर निगम स्थायी समाधान करने में विफल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए केवल मुख्य मार्गों की मरम्मत, रंग-रोगन और सफाई कर शहर की वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान रोड शो के लिए लगाए गए बैरिकेड्स के गड्ढे भी ढाई साल बाद अब जाकर भरे गए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की कि वीआईपी कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय पूरे शहर में सड़क, सफाई, नाली और सीवरेज व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए, ताकि बीकानेरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि जनता दिखावटी कार्यों के बजाय वास्तविक विकास और जवाबदेही चाहती है।

