निपात पत्रिका का विमोचन, नई पीढ़ी को पुस्तकों से जोड़ने पर जोर
बीकानेर. स्थानीय राजकीय उच्च अध्ययन शिक्षा संस्थान में बुधवार को संस्थान की अर्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका ‘निपात’ का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मदन गोपाल लढा ने कहा कि नई पीढ़ी को पुस्तकों से जोड़ने के लिए शिक्षण संस्थानों को सतत और नवाचारपूर्ण प्रयास करने होंगे।
डॉ. लढा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का पुस्तकों से जुड़ाव लगातार कम हो रहा है। ऐसे समय में ‘निपात’ जैसी साहित्यिक पत्रिका का नियमित प्रकाशन प्रेरणादायी पहल है। इस अवसर पर संस्थान की ओर से उनका शॉल एवं नारियल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनोज आर्य और राजेश गोस्वामी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रिका की विषय-वस्तु, गुणवत्ता और साहित्यिक उपयोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पत्रिकाएं विद्यार्थियों और शोधार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करती हैं।
पत्रिका के संपादक डॉ. मूलचंद बोहरा ने बताया कि ‘निपात’ हिंदी एवं अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में प्रकाशित की जा रही है। इसमें शिक्षा, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी उत्कृष्ट गद्य एवं पद्य रचनाओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी अंक से राजस्थानी भाषा की भी दो-तीन रचनाएं शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. रामगोपाल शर्मा ने कहा कि भविष्य में पत्रिका को त्रैमासिक स्वरूप में प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और साहित्यकारों से अधिकाधिक मौलिक रचनाएं भेजने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर शमीम परिहार ने किया। समारोह में संस्थान के प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

