वार्ड-13 में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्र सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
Bikaner News Politics

वार्ड-13 में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्र सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

Sep 4, 2026

 

बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 13 में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत के मुख्य चुनाव कार्यालय का गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने उद्घाटन किया। समारोह में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों की बड़ी भीड़ उमड़ी।

 

 

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल गहलोत, शशिकांत शर्मा, आनंद सिंह भाटी और नरेंद्र सिंह भाटी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान चार निर्दलीय प्रत्याशियों ओम राजपुरोहित, प्रद्युम्न सिंह सोढ़ा, शिव सिंह राजपुरोहित और पुष्कर शर्मा ने खुले मंच से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास को प्राथमिकता देते हुए वे शेखावत के साथ आए हैं।

 

 

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने डॉ. शेखावत को निष्ठावान नेता और योग्य उम्मीदवार बताते हुए वार्डवासियों से उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह टिकट आसान नहीं थी। इसके लिए काफी जद्दोजहद, चिंतन और मंथन हुआ। मंथन में ही अमृत निकलता है और सुरेन्द्र सिंह वही अमृत हैं।”

 

 

पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने पहली बार किसी निकाय चुनाव के कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखा है। सामान्यतः ऐसी भीड़ विधानसभा या लोकसभा चुनाव की सभाओं में दिखाई देती है। उनके संबोधन पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया

 

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने करणी माता का भजन सुनाया, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। उन्होंने क्षेत्र की आस्था और विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय भावनाओं का सम्मान करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

 

 

समारोह में गुमान सिंह राजपुरोहित, चंपालाल गेदर, शशि शर्मा, महेश केशवानी, निलेश चतुर्वेदी, कमल सिंह गोहिल, भंवरलाल जांगिड़, महेंद्र सिंह भाटी, नरपत सिंह शेखावत और कोजूराम सारस्वत सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने डॉ. शेखावत को समर्थन देने और उनकी जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

 

 

भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर स्वच्छता, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए वार्ड के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। समारोह का समापन जयकारों और भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।