बम्बलू में डालूराम कूकणा के समर्थन में डॉ. बीडी कल्ला ने की जनसभा, गांव के विकास का दिया भरोसा
बीकानेर. पंचायतीराज चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बम्बलू गांव में सरपंच प्रत्याशी डालूराम कूकणा के समर्थन में आयोजित जनसभा को राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. बीडी कल्ला ने संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों से डालूराम कूकणा के पक्ष में मतदान करने की अपील की और गांव के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कांग्रेस सरकार की योजनाओं को लेकर साधा निशाना
जनसभा में डॉ. कल्ला ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद या कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना के तहत पहले 25 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज का प्रावधान था, जिसे अब घटाकर 5 लाख रुपए तक कर दिया गया है। उन्होंने राशन किट योजना बंद होने और मनरेगा को कमजोर किए जाने का आरोप भी लगाया। डॉ. कल्ला ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और आगामी चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देकर जनता इसका जवाब देगी।
शिक्षा से होगा गांव का विकास
डॉ. कल्ला ने कहा कि बम्बलू गांव के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलने चाहिए। यदि गांव का कोई बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आईएएस अधिकारी बनता है, तो यह पूरे गांव के लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि गांव के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। भविष्य में कांग्रेस सरकार बनने पर बम्बलू में विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
यशपाल गहलोत ने भी किया संबोधित
सभा में पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने गांव के विकास के लिए सामूहिक सहयोग की आवश्यकता जताई और सभी से मिलकर बम्बलू को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस दौरान युवा नेता भंवर कूकणा, मनीराम कूकणा, यूथ कांग्रेस पार्षद गौरी शंकर गहलोत, रामदयाल बेनीवाल, महेंद्र कल्ला और कालूराम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

