बिजली विभाग ने रेलवे विभाग पर बड़ी कार्रवाई की, बिल नहीं चुकाने पर रेलवे स्टेशन की बिजली काटी

बीकानेर. जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, लूणकरणसर द्वारा बार-बार नोटिस देने के बावजूद उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर के अधीन आने वाले रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों द्वारा बिजली बिलों का भुगतान नहीं किए जाने पर शनिवार को लूणकरणसर रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनी और दुलमेरा रेलवे स्टेशन की बिजली आपूर्ति काट दी गई।
बिजली कटने से स्टेशन परिसर और कॉलोनी में अंधेरा छा गया। यात्री सुविधाओं पर असर पड़ा और कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता राजेश रोशन ने बताया कि लूणकरणसर स्टेशन के दो कनेक्शनों पर कुल 4,08,280 रुपये का बकाया था। इनमें एक कनेक्शन पर 2,59,706 रुपये और दूसरे पर 1,48,574 रुपये की राशि लंबित थी। इसी प्रकार दुलमेरा स्टेशन पर 2,64,957 रुपये का बिल बकाया था।
बिजली कटौती के कारण यात्रियों को टिकट काउंटर, वेटिंग हॉल और अन्य सुविधाओं के उपयोग में असुविधा का सामना करना पड़ा।
सहायक अभियंता रोशन के अनुसार, रेलवे के उच्चाधिकारियों ने जोधपुर डिस्कॉम के संभागीय मुख्य अभियंता से संपर्क किया। रेलवे अधिकारियों ने 15 दिनों के भीतर बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर रात दोनों स्टेशनों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

