सच्ची भक्ति ही श्रेष्ठ मार्ग: जगद्गुरु वसन्त विजयानन्द गिरि के प्रवचनों से गूंजा बीकानेर

बीकानेर. बीकानेर की पावन धरा पर आयोजित विराट चैत्र नवरात्रि कथा एवं यज्ञ महोत्सव में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गंगाशहर मार्ग स्थित अग्रवाल भवन परिसर में चल रहे इस 11 दिवसीय भव्य आयोजन में वसन्त विजयानन्द गिरि महाराज के ओजस्वी प्रवचनों ने हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
जगद्गुरु श्रीजी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि “जो सर्वोत्तम है वह स्वयं भगवान हैं, और उनकी भक्ति सच्चे मन व ईमानदारी से ही करनी चाहिए।” उन्होंने मानवता को ही सबसे बड़ा धर्म बताते हुए कहा कि किसी भी पंथ या संप्रदाय में उलझे बिना निष्कपट भाव से मानव सेवा करना ही सच्ची आध्यात्मिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति की श्रेष्ठता उसके कर्म, सच्चाई और ईमानदारी से तय होती है, न कि बाहरी दिखावे से।
आध्यात्मिक आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
श्री देवी भागवत महापुराण कथा एवं यज्ञ के इस विराट आयोजन में हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन भाग ले रहे हैं। भक्तिमय वातावरण में दुर्लभ बीज मंत्रों, स्तोत्रों और साधना के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूतियों का अहसास कराया जा रहा है। जगद्गुरु श्रीजी द्वारा शक्तिपात एवं मंत्र दीक्षा के माध्यम से अनेक श्रद्धालुओं ने अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और रोगों से राहत का अनुभव साझा किया।
उद्योग संघ की टीम ने लिया आशीर्वाद
हाल ही में बीकानेर जिला उद्योग संघ के चुनाव में विजयी रहे अध्यक्ष डीपी पचीसिया एवं उनकी कार्यकारिणी ने मंच पर पहुंचकर जगद्गुरु श्रीजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने जगद्गुरु को शॉल और बुके भेंट कर सम्मानित किया तथा अपनी जीत को उनके आशीर्वाद का परिणाम बताया। पचीसिया ने कहा कि ऐसे संत समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं, जो सनातन धर्म की पताका को विश्व स्तर पर ऊंचा उठा रहे हैं।
श्री महालक्ष्मी महायज्ञ में दी जा रहीं आहुतियां
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन शास्त्रोक्त विधि से श्री महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें काशी के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जा रही हैं। श्रद्धालु सुबह से ही जप, पूजा और साधना में भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।
रामनवमी पर विशेष दिव्य आयोजन
जगद्गुरु श्रीजी ने घोषणा की कि रामनवमी के पावन अवसर पर वे अपनी सिद्ध साधना के माध्यम से भक्तों के घर-घर में दीप प्रज्ज्वलन कराएंगे और भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमानजी के दिव्य दर्शन कराएंगे। इस घोषणा से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

