मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 मई को आएंगे बीकानेर, अमित शाह की करेंगे अगवानी
बीकानेर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 मई को बीकानेर दौरे पर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 8:35 बजे आगरा से नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे रात 10:30 बजे बीकानेर पहुंचने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नाल एयरपोर्ट पर अगवानी करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर में कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 26 मई को सुबह 10 बजे वे हेलीकॉप्टर से सांचू पोस्ट के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल रहेंगे।
दौरे के दौरान भारत-पाक सीमा सुरक्षा से जुड़ी अहम बैठक आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शिरकत करेंगे। सीमा सुरक्षा व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
अमित शाह के कार्यक्रमों के मद्देनजर बीकानेर में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं में भी मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है।
26 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के लिए रवाना होंगे।

