बीकानेर के युवा पत्रकार सुमित शर्मा को मिला ‘पॉजिटिव जर्नलिज्म अवार्ड’, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
Bikaner News Motivation

बीकानेर के युवा पत्रकार सुमित शर्मा को मिला ‘पॉजिटिव जर्नलिज्म अवार्ड’, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश

May 24, 2026

बीकानेर. श्रीगंगानगर में शनिवार को टांटिया समूह की ओर से टांटिया यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित ‘पॉजिटिव जर्नलिज्म अवार्ड’ समारोह में सुमित शर्मा को सम्मानित किया गया। समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें सम्मान स्वरूप 5100 रुपये की राशि, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

 

 

यह सम्मान टांटिया समूह के वाइस चेयरपर्सन डॉ. मोहित टांटिया की पहल पर दिया गया। बताया गया कि कुछ महीने पहले जोधपुर की जीत यूनिवर्स में आयोजित सक्सेस टॉक्स कार्यक्रम में सकारात्मक पत्रकारिता और समाजहित से जुड़े कार्यों को लेकर सुमित शर्मा का चयन किया गया था।

 

 

 

इसी अवसर पर जेआर टांटिया चेरिटेबल नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में ‘मैं जी उठा’ कार्यक्रम की 17वीं कड़ी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

 

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए व्यक्ति को स्वयं प्रयास करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि बुराइयां तेजी से फैलती हैं, लेकिन अच्छाई फैलाने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। नशा भी समाज की एक बड़ी बुराई है, जिससे दूर रहकर ही बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

 

 

सम्मानित युवा पत्रकार सुमित शर्मा ने भी कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और सकारात्मक कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सही दिशा में कार्य करे तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

 

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे होम्योपैथी संकाय के प्राचार्य डॉ. प्रणबकुमार चक्रवर्ती ने कहा कि नशा छोड़ना असंभव नहीं है, जरूरत केवल मजबूत इच्छाशक्ति की है। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

 

 

सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र शर्मा ने भी युवाओं को नशे से दूर रहते हुए स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षाविद् सरिता शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुई, जबकि प्रोजेक्ट डायरेक्टर नितेश वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार आशु ने किया।

इस अवसर पर प्रतीक चौरड़िया ‘कलमकार’, सतीश वाधवा, हिमांशु खटक, निशांत गर्ग, राकेश भादू, अंकुश कुमार सहित कई गणमान्य लोग और नर्सिंगकर्मी उपस्थित रहे।