धार्मिक मेलों के चलते बदली मतदान की तारीख, अब बीकानेर नगर निगम में इस दिन होंगे चुनाव
Bikaner News

धार्मिक मेलों के चलते बदली मतदान की तारीख, अब बीकानेर नगर निगम में इस दिन होंगे चुनाव

Aug 26, 2026

 

बीकानेर. धार्मिक यात्राओं और मेलों के कारण मतदान प्रतिशत प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने बीकानेर जिले के नगरीय निकाय चुनाव के कार्यक्रम में बदलाव कर दिया है। अब बीकानेर नगर निगम के सभी 80 वार्डों में मतदान 9 सितंबर को होगा। वहीं जिले की छह नगरपालिकाओं में चुनाव 11 सितंबर को करवाए जाएंगे।

 

 

 

राज्य निर्वाचन आयोग ने 26 अगस्त को आदेश जारी कर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बीकानेर के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। इससे पहले विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर मतदान की तारीख बदलने की मांग की थी।

 

 

संगठनों ने बताया था कि 11 सितंबर को बड़ी संख्या में लोग धार्मिक यात्राओं, मेलों और उत्सवों में भाग लेने के लिए शहर से बाहर रहेंगे। ऐसे में बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम होने की आशंका जताई जा रही थी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव की तारीखों में परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा था।

 

 

 

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में 9 सितंबर को बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। दूसरे चरण में 11 सितंबर को नोखा के 45, श्रीडूंगरगढ़ के 40, देशनोक के 25, खाजूवाला के 20, लूणकरणसर के 35 और नापासर नगरपालिका के 25 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। इन छह नगरपालिकाओं में कुल 190 वार्ड हैं।

 

 

 

राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव ने प्रस्तावित तारीख परिवर्तन को मंजूरी दे दी है। आदेश के बाद अब जिला निर्वाचन विभाग संशोधित कार्यक्रम के अनुसार चुनावी व्यवस्थाओं में बदलाव करेगा।