ऐतिहासिक राजगोपाल मंदिर की छत का प्लास्टर गिरा, पंखा भी टूटा, टला बड़ा हादसा
बीकानेर. ऐतिहासिक देवीकुंड सागर परिसर स्थित रियासतकालीन राजगोपाल मंदिर में छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। प्लास्टर के साथ छत पर लगा पंखा भी टूटकर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि घटना के समय इसकी चपेट में कोई नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई।
राजगोपाल मंदिर काफी पुराना बताया जा रहा है। मंदिर परिसर में करीब पांच से सात छोटे-बड़े मंदिर बने हुए हैं। लंबे समय से उचित देखरेख और मरम्मत नहीं होने के कारण मंदिर के कई हिस्सों की स्थिति जर्जर होती जा रही है। छत से प्लास्टर गिरने की घटना के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
मंदिर के पुजारी और आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार मंदिर के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मंदिर परिसर का तकनीकी निरीक्षण करवाकर जर्जर हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते जीर्णोद्धार नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्त्व को देखते हुए मंदिर के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए संरक्षण एवं मरम्मत का कार्य कराया जाना चाहिए।

