बीकानेर अनाज मंडी में चुनावी हलचल तेज, 306 व्यापारी चुनेंगे कच्ची आढ़त व्यापार संघ का अध्यक्ष
Bikaner News

बीकानेर अनाज मंडी में चुनावी हलचल तेज, 306 व्यापारी चुनेंगे कच्ची आढ़त व्यापार संघ का अध्यक्ष

Aug 28, 2026

बीकानेर. बीकानेर अनाज मंडी में इन दिनों व्यापारिक गतिविधियों के साथ चुनावी रंग भी दिखाई दे रहा है। कच्ची आढ़त व्यापार संघ के अध्यक्ष पद के लिए 31 अगस्त को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए जयदयाल डूडी और श्रवण नैण आमने-सामने हैं।

 

 

चुनाव में संघ से जुड़े 306 व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ दोनों प्रत्याशियों ने प्रचार और व्यापारी संपर्क तेज कर दिया है। प्रत्याशी तथा उनके समर्थक सुबह से शाम तक मंडी की दुकानों पर जाकर व्यापारियों से समर्थन मांग रहे हैं।

 

 

 

दोनों प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों पर भी व्यापारियों की भीड़ जुट रही है। बैठकों के माध्यम से चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में व्यापारियों को एकजुट करने में लगे हैं। मंडी में फसलों की बोली, किसानों को मिलने वाली सुविधाएं, भुगतान व्यवस्था और व्यापारियों की समस्याएं चुनाव के प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं।

 

 

 

मंडी के व्यापारी भी दोनों प्रत्याशियों के अनुभव, कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को समझने के बाद अपना मत देने की बात कह रहे हैं। लंबे समय बाद मतदान के जरिए अध्यक्ष का चुनाव होने के कारण व्यापारियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

 

 

 

बताया जा रहा है कि बीकानेर अनाज मंडी की स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी। कच्ची आढ़त व्यापार संघ में अधिकांश अवसरों पर आपसी सहमति से निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाते रहे हैं। वर्ष 1997 के बाद अब 2026 में अध्यक्ष पद के लिए मतदान की स्थिति बनी है। ऐसे में इस चुनाव को मंडी की व्यापारिक राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

 

अब सभी की नजर 31 अगस्त पर टिकी है। उसी दिन 306 व्यापारी मतदान के माध्यम से तय करेंगे कि कच्ची आढ़त व्यापार संघ की कमान जयदयाल डूडी और श्रवण नैण में से किसे मिलेगी।