कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट पड़ी भारी, पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा छह साल के लिए निष्कासित
Bikaner News Politics

कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट पड़ी भारी, पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा छह साल के लिए निष्कासित

Sep 3, 2026

बीकानेर. नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया है।

 

 

 

आदेश के अनुसार, बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को शिकायत भेजी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नगर निगम के वार्ड संख्या 50 से कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और अन्य लोगों ने जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया।

 

 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष के साथ हुए कथित घटनाक्रम को अत्यंत गंभीर मानते हुए इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। इसके बाद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया गया।

 

 

 

कार्यालय आदेश की प्रतिलिपि बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की रक्षित पत्रावली को भी भेजी गई है। निकाय चुनाव के बीच हुई इस कार्रवाई से बीकानेर कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।