दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी पर बीकानेर में प्रदर्शन, गांधी प्रतिमा के सामने किया सत्याग्रह
बीकानेर. दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसदों द्वारा किए जा रहे गांधीवादी धरने से कांग्रेस नेताओं को कथित रूप से जबरन उठाकर गिरफ्तार किए जाने के विरोध में बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को गांधी पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हजारीमल देवड़ा ने की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के प्रदेश कांग्रेस की बैठक में जयपुर जाने के कारण प्रदर्शन की जिम्मेदारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष को दी गई।
हजारीमल देवड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार जिस तरह संवैधानिक नियमों को दरकिनार कर लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोंटने का प्रयास कर रही है, कांग्रेस उसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को तेज करते हुए जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव गजेंद्र सिंह सांखला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारियों से पार्टी कार्यकर्ता घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलीम भाटी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ विपक्ष को साथ लेकर लोकतंत्र की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस जब अंग्रेजों से नहीं डरी तो भाजपाई दलालों से क्या डरेगी।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता हर जरूरी लोकतांत्रिक कदम उठाने के लिए तैयार हैं।
प्रवक्ता एडवोकेट भिखाराम मेघवाल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी”, “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलेगी”, “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाए।
प्रदर्शन में उपाध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह, वरिष्ठ नेता टीकूराम मेघवंशी, डीसी गहलोत, नागेंद्र सिंह शेखावत, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर, पार्षद ओमप्रकाश लोहिया, राहुल जादूसंगत, पवन कुमार, जावेद खान बाबा, पारस मारू, महिला कांग्रेस की नवनीत कौर खत्री, शलिना खान, बेनजीर बानो, खनन अध्यक्ष धनसुख आचार्य, सामाजिक न्याय अध्यक्ष करणी सिंह राजपुरोहित, तोलाराम सियाग, मंडल अध्यक्ष प्रदीप जाडीवाल, मुबारक हुसैन, मुकेश जोशी, मनोज नायक, अविनाश राठौड़, ओमप्रकाश जनागल, प्रेम प्रकाश खत्री, रवि जनागल, कमल गोयल, ओमप्रकाश भाटी, रवि गहलोत, विजय सिंह शेखावत, भवानी गहलोत, शकील अहमद, डूंगरमल प्रजापत, डीसी मीना, हनुमान गोदारा, सुनील धतरवाल, भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

