नगर निगम का बड़ा फैसला: अब हर वार्ड में रोज होगा सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
बीकानेर. शहर की सफाई व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम बीकानेर ने निरीक्षण व्यवस्था को सख्त कर दिया है। निगम आयुक्त ने 6 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी कर अधिकारियों को वार्डवार निरीक्षण अधिकारी नियुक्त किए हैं। प्रत्येक निरीक्षण अधिकारी को दो वार्ड आवंटित किए गए हैं और उन्हें दोनों वार्डों का प्रतिदिन निरीक्षण करना अनिवार्य किया गया है।
आदेश के अनुसार निरीक्षण अधिकारी सुबह 6:30 से 11 बजे तथा शाम 4 से 6 बजे तक अपने आवंटित वार्डों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति और संबंधित सफाई निरीक्षक/जमादार की मौजूदगी भी जांची जाएगी।
कचरा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
निगम ने प्रत्येक वार्ड के GPS लोकेशन सहित Garbage Vulnerable Points (GVPs) की सूची तैयार की है। निरीक्षण अधिकारियों को इन स्थानों पर निर्धारित समय के अनुसार कचरा पूरी तरह हटाया गया है या नहीं, इसकी जांच करनी होगी।
इसके साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की नियमितता, कचरा परिवहन में लगे वाहनों और ई-रिक्शा की उपलब्धता, खुले में कचरा डालने तथा अवैध ओपन डंपिंग की स्थिति पर भी नजर रखी जाएगी।
खुले में कचरा जलाने पर होगी कार्रवाई
आदेश में खुले में कचरा जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे मामलों की पहचान कर तत्काल रोकथाम और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। सड़कों के किनारे उगी अनियंत्रित वनस्पति और झाड़ियों की कटाई-छंटाई भी संबंधित उद्यान प्रभारी के माध्यम से करवाने के निर्देश हैं।
इसके अलावा नालियों की सफाई के दौरान निकले कचरे का उचित निस्तारण, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की सफाई और रखरखाव की निगरानी भी निरीक्षण का हिस्सा होगी।
GPS फोटो के साथ देनी होगी रिपोर्ट
नगर निगम ने निरीक्षण प्रक्रिया को डिजिटल बनाने पर भी जोर दिया है। निरीक्षण अधिकारी को निर्धारित प्रारूप में प्रत्येक वार्ड की GPS लोकेशन वाली फोटो सहित रिपोर्ट निगम के WhatsApp ग्रुप में साझा करनी होगी। प्रतिदिन निरीक्षण रिपोर्ट देना अनिवार्य किया गया है।
बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाए जाने वाले निरीक्षण अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अवकाश, ड्यूटी या अन्य शासकीय कारणों से अनुपस्थित रहने की स्थिति में स्वास्थ्य मुख्यालय को पूर्व सूचना देनी होगी, ताकि वैकल्पिक अधिकारी की नियुक्ति की जा सके।
वार्डों की होगी रैंकिंग
आदेश में प्रत्येक वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन करने और कार्य निष्पादन के आधार पर वार्डों की रैंकिंग निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, निर्माण एवं विध्वंस कचरे के प्रबंधन, मुख्य सड़कों पर अस्थायी कचरा संग्रहण और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

