बीकानेर में 25 अक्टूबर को होगा ‘सक्षम उत्सव’, दिव्यांगजनों की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच और सम्मान
बीकानेर. दिव्यांगजनों की प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें समाज में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से बीकानेर में ‘सक्षम उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। सरस फाउंडेशन की ओर से यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगा। उत्सव की थीम ‘सहानुभूति नहीं, साथ और सम्मान की अभिलाषा’ रखी गई है।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना, उन्हें अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना और समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उत्सव में दिव्यांगजन विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
नृत्य, गायन से लेकर चित्रकला तक में दिखाएंगे प्रतिभा
सक्षम उत्सव में दिव्यांगजनों के लिए नृत्य, गायन, मॉडलिंग, कविता, अभिव्यक्ति, खेलकूद, हस्तकला, चित्रकला और हस्तलेखन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा प्रतिभागियों को अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार पर होंगे सेमिनार
उत्सव में केवल सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां ही नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के भविष्य और सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में शैक्षिक, चिकित्सा, योग, सुरक्षा, करियर और रोजगार से संबंधित सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही हैंडीक्राफ्ट और रेडीमेड उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी।
प्रेरणादायी दिव्यांगजनों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में ऐसे दिव्यांगजनों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है और अपनी उपलब्धियों से दूसरों को प्रेरणा दी है।
सरस फाउंडेशन की प्राचार्य एवं चेयरमैन पिंकी शर्मा ने बताया कि दिव्यांगजनों को केवल सहानुभूति की नहीं, बल्कि अवसर, साथ और सम्मान की जरूरत है। सक्षम उत्सव के माध्यम से उनकी क्षमताओं और प्रतिभाओं को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
15 अक्टूबर तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
उत्सव में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजन 15 अक्टूबर 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। आयोजन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए सरस फाउंडेशन की प्राचार्य एवं चेयरमैन पिंकी शर्मा से 9314142366 पर संपर्क किया जा सकता है।

