5 साल बाद फिर शुरू हुआ राजीव गांधी तरणताल, विधायक जेठानंद व्यास ने किया शुभारम्भ
बीकानेर। शहर के राजकीय एमएम खेल मैदान स्थित राजीव गांधी तरणताल एक बार फिर पांच साल बाद आमजन के लिए खोल दिया गया है। गुरुवार को विधायक जेठानंद व्यास ने इसका विधिवत शुभारम्भ किया। लंबे समय से बंद पड़े इस तरणताल के पुनः शुरू होने से शहर के तैराकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
तरणताल का नवीनीकरण बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 19 लाख 50 हजार रुपये की लागत से करवाया गया है। विधायक व्यास पिछले कई महीनों से इसे पुनः शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। अब कार्य पूर्ण होने के बाद इसे जनता के लिए खोल दिया गया है और जल्द ही यहां नियमित तैराकी गतिविधियां शुरू होंगी।
इस मौके पर विधायक व्यास ने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। तरणताल के पुनः संचालन से शहर के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार
राजीव गांधी तरणताल को आधुनिक सुविधाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। यह 25×50 मीटर का स्विमिंग पूल है, जो प्रतियोगी तैराकी के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसके शुरू होने से अब बीकानेर में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं
ये रहे उपस्थित
उद्घाटन समारोह में राजेन्द्र पंवार, किशन चौधरी, जे.पी. व्यास, दीपक पारीक, आशा आचार्य, दिनेश चौहान, प्रदीप उपाध्याय, रघुनंदन आचार्य एवं संजय शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

