पुष्करणा दिवस पर तीन दिन होंगे आयोजन, 50 साल से अधिक वैवाहिक जीवन पूरा करने वाले दंपतियों का घर जाकर करेंगे सम्मान
बीकानेर. द पुष्करणाज फाउण्डेशन की ओर से पुष्करणा दिवस के उपलक्ष्य में बीकानेर में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 24 अगस्त को पौधरोपण अभियान से होगी। इसके बाद निबंध प्रतियोगिता, खेल एवं कला-संस्कृति सेमिनार सहित विभिन्न आयोजन होंगे। खास बात यह है कि पुष्करणा सावे में विवाह करने वाले ऐसे दंपतियों को घर जाकर सम्मानित किया जाएगा, जिनके विवाह को 50 वर्ष या उससे अधिक समय हो चुका है।
कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर फाउण्डेशन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। फाउण्डेशन के मोहित पुरोहित ने बताया कि पुष्करणा दिवस पर समाज, शिक्षा, पर्यावरण, खेल और कला-संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
पौधा लगाने के साथ देखभाल की भी दिलाएंगे शपथ
कार्यक्रम अध्यक्ष राजेश रंगा ने बताया कि 24 अगस्त को महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के पास एक कोस वाली प्याऊ स्थित शिव मंदिर के नजदीक पौधरोपण किया जाएगा। अभियान में खेजड़ी के साथ बिल्वपत्र, नीम, अशोक, पीपल, कनेर और बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
पौधरोपण करने वाले लोगों को पौधे के पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने की शपथ भी दिलाई जाएगी। अभियान के संयोजक गोपीकिशन छंगाणी होंगे।
निबंध प्रतियोगिता के साथ खेल-कला सेमिनार
25 अगस्त को निबंध प्रतियोगिता तथा खेल एवं कला-संस्कृति सेमिनार आयोजित किया जाएगा। निबंध प्रतियोगिता में कला एवं संस्कृति, खेल तथा समाज के प्रति संस्थाओं के दायित्व जैसे विषय शामिल रहेंगे। प्रतियोगिता का परिणाम उसी दिन घोषित कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
राजकीय डूंगर महाविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले सेमिनार में कला-संस्कृति एवं खेल समीक्षक तथा शारीरिक शिक्षक कृष्णचन्द पुरोहित मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान देंगे।
शिक्षाविद, पंच परमेश्वर और प्रवासी बीकानेरियों का सम्मान
तीसरे दिन 26 अगस्त को शिक्षाविदों और पंच परमेश्वर का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही बीकानेर से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले प्रवासी बीकानेरियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
पुष्करणा सावे में विवाह करने वाले ऐसे दंपति, जिन्होंने वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष या उससे अधिक पूरे कर लिए हैं, उन्हें उनके घर जाकर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। सम्मान के लिए पात्र समाजजन 20 अगस्त तक पुष्करणा स्टेडियम के पीछे स्थित फाउण्डेशन कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकेंगे।
बैठक में विमल किशोर व्यास, गौरी शंकर व्यास, रोहित पुरोहित, महेश पुरोहित, राजेश रंगा, हरिनारायण आचार्य, कृष्णचन्द पुरोहित, नन्द किशोर रंगा, उमेश पुरोहित, आदित्य पुरोहित, राममूर्ति व्यास, शिवदत्त व्यास, कृष्णकान्त पुरोहित और विष्णु दत्त पुरोहित सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

