घड़सीसर फांटा तिराहे पर ट्रैक्टर-ट्रोला की जबरदस्त भिड़ंत, एक घायल
बीकानेर। शहर के जोधपुर बाईपास रोड पर घड़सीसर फांटा तिराहे के पास गुरुवार शाम करीब 3:40 बजे ट्रैक्टर और ट्रोला की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा मुस्कान होटल के सामने हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान की टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। टीम में शोएब भाई, इमरान और राजकुमार खड़गावत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। टीम ने घायल को तत्काल मदद उपलब्ध कराई।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर और ट्रोला को भी नुकसान पहुंचा।

