बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राजस्थान में पहली बार पाकिस्तान बैठे 3 सरगना FIR में नामजद
बीकानेर. बीकानेर में सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जांच के दौरान पाकिस्तान में बैठे तीन कथित सरगनाओं की पहचान कर उन्हें मामले में नामजद किया है। अब पुलिस इनके खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट पेश करने की तैयारी कर रही है। साथ ही मामले को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी रखने की तैयारी है।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि अगस्त माह में ऑपरेशन ‘शॉक वेव’ के तहत अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला के 8 KYD क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने 10 किलो हेरोइन, 11 विदेशी हथियार, 22 मैगजीन और 100 कारतूस बरामद किए थे।
मामले में पुलिस ने राकेश प्रजापत और वीरेंद्र राजपुरोहित को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पंजाब जेल से विक्रम उर्फ विक्की को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पाकिस्तान में बैठे तीन कथित तस्करों की पहचान हुई। इनमें फोर्ट अब्बास निवासी चीता उर्फ डोगर, बहावलपुर निवासी अली खान और बहावलपुर निवासी बिल्ला खान शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों को प्रकरण में नामजद किया है। अब इनके खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट पेश करने की तैयारी चल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों और सीमा पार नेटवर्क की जानकारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रखा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, हाल के वर्षों में राजस्थान में यह ऐसा पहला मामला बताया जा रहा है, जिसमें पाकिस्तान में बैठे कथित तस्करी नेटवर्क के सरगनाओं को नामजद किया गया है।

