“म्हारो प्यारो बीकाणो” में रंगी शहर की दीवारें, 30 चित्रकारों ने उकेरी विरासत
Bikaner News

“म्हारो प्यारो बीकाणो” में रंगी शहर की दीवारें, 30 चित्रकारों ने उकेरी विरासत

Apr 12, 2026

 

बीकानेर. बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शहर में चल रहे आयोजनों की श्रृंखला के तहत रविवार को “म्हारो प्यारो बीकाणो” थीम पर एक भव्य चित्रकला कार्यशाला आयोजित की गई। श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क में हुई इस कार्यशाला में शहर के 30 सुप्रसिद्ध चित्रकारों ने भाग लेते हुए दीवारों पर बीकानेर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया।

 

 

 

श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति, जिला प्रशासन और बीकानेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। सुबह 10 बजे शुरू हुई चित्रकारी शाम 7 बजे तक जारी रही, जिसमें कलाकारों ने अपनी कल्पना और कला के जरिए बीकानेर की पहचान को दीवारों पर उतार दिया।

 

 

 

कार्यशाला के संयोजक चित्रकार धर्मा स्वामी और उप संयोजक रामकुमार भादाणी के नेतृत्व में कलाकारों ने श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, कोटगेट, जूनागढ़ किला, रामपुरिया हवेलियां, देशनोक स्थित करणी माता मंदिर, गजनेर झील और कोलायत सरोवर जैसे प्रमुख स्थलों के चित्र बनाए। साथ ही सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राएं और पारंपरिक प्रतीकों को भी उकेरा गया, जिससे पार्क की दीवारें आकर्षण का केंद्र बन गईं।

 

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सत्यप्रकाश आचार्य, सुमन छाजेड़, सविता डाल, वरिष्ठ चित्रकार हरि गोपाल हर्ष सन्नू और अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सुषमा बिस्सा शामिल रहे। अतिथियों ने सूर्य, चंद्रमा और स्वास्तिक चिन्ह बनाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक व्यास ने की।

 

 

 

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि बीकानेर स्थापना दिवस के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें संस्कृति, कला और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध आयोजन शामिल हैं। इस कार्यशाला का उद्देश्य शहर की कला परंपरा को बढ़ावा देना और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।

 

 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी भी मौजूद रहे और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की। आयोजन में विभिन्न कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।