एसपी मेडिकल कॉलेज में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू, चिकित्सकों ने लिया जनजागरण का संकल्प
Bikaner News

एसपी मेडिकल कॉलेज में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू, चिकित्सकों ने लिया जनजागरण का संकल्प

May 27, 2026

 

बीकानेर. एसपी मेडिकल कॉलेज में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

 

 

बैठक में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ चिकित्सक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राहुल हर्ष, सचिव डॉ. हरमीत, डॉ. नवल गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. अनंत कुमार शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा, राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विजय तुंदवाल, सचिव डॉ. विनोद छिंपा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.के. अग्रवाल, हृदय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पिंटू नाहटा, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. बीके बिनावरा, सर्जरी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. आरके काजला, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन बीकानेर इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सुखवीर तथा यूजी छात्रसंघ अध्यक्ष सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।

 

 

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष योग दिवस को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इसके तहत बीकानेर संभाग के चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों, मेडिकल विद्यार्थियों और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन समिति ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति जताई।

 

 

 

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डॉक्टर स्वयं योग को अपनाकर आमजन को इसके प्रति जागरूक करेंगे तो समाज में योग के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की प्रेरणा से लोग योग को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करेंगे, जिससे शारीरिक और मानसिक रोगों में कमी आएगी तथा स्वस्थ समाज की परिकल्पना को नई दिशा मिलेगी।

 

 

 

डॉ. वर्मा ने सभी चिकित्सा कर्मियों, विद्यार्थियों और आमजन से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर में डॉ. पिंटू नाहटा, योग गुरु भुवनेश पुरोहित और ऋषिका व्यास के सानिध्य में योगाभ्यास कराया जाएगा।