बीकानेर में शुरू हुआ मेलों का महीना, कैलेंडर हुआ जारी
Bikaner News Dharm Karam

बीकानेर में शुरू हुआ मेलों का महीना, कैलेंडर हुआ जारी

Aug 29, 2026

बीकानेर. भाद्रपद माह शुरू होने के साथ ही बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक मेलों एवं त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस दौरान रक्षाबंधन और बड़ी तीज से लेकर पूनरासर, रूणिचा, तेजाजी, तोलियासर, सींसी भैरव तथा कोडमदेसर के प्रसिद्ध मेले आयोजित होंगे। ‘मेला मगरिया-2026’ कैलेंडर के अनुसार 28 अगस्त से शुरू हुआ यह सिलसिला 25 सितंबर तक चलेगा।

 

 

कैलेंडर के अनुसार 30 अगस्त को धमौली और 31 अगस्त को बड़ी तीज मनाई जाएगी। दो सितंबर को ऊभ छठ तथा चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व होगा। पांच सितंबर को गोगाजी नवमी और आठ सितंबर को बछ बारस मनाई जाएगी।

 

 

धार्मिक मेलों का प्रमुख दौर 13 सितंबर से शुरू होगा। इस दिन बाबा रामदेव बीज मनाई जाएगी। इसके बाद 14 सितंबर को श्रीगणेश चतुर्थी और 15 सितंबर को ऋषि पंचमी होगी। श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र सियाणा में 17 सितंबर और पूनरासर में 19 सितंबर को मेला भरेगा।

 

 

कैलेंडर के अनुसार 21 सितंबर को रूणिचा, तेजाजी और खेजड़ली मेले आयोजित होंगे। एक ही दिन तीन प्रमुख मेलों के कारण धार्मिक स्थलों और यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसके बाद 24 सितंबर को तोलियासर तथा सींसी भैरव का मेला भरेगा। कोडमदेसर भैरव मेले का आयोजन 24 और 25 सितंबर को होगा।

 

 

भाद्रपद माह के इन मेलों को लेकर श्रद्धालुओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कई मेलों में बीकानेर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पैदल यात्राएं करते हुए पहुंचेंगे। मेलों के दौरान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, जागरण, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम होंगे। लगातार आयोजित होने वाले धार्मिक मेलों और त्योहारों से पूरे जिले में करीब एक महीने तक आस्था एवं उत्सव का माहौल बना रहेगा।