प्रतीक स्वामी के समर्थन में उतरा वार्ड 22, टिकट नहीं मिला तो जनता करेगी विरोध
बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 22 में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चल रही चर्चाओं में पूर्व पार्षद प्रतीक स्वामी का नाम सामने नहीं आने से उनके समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। समर्थकों ने भाजपा से प्रतीक स्वामी को टिकट देने की मांग करते हुए स्पष्ट कहा कि यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाती है तो वार्ड की जनता इस फैसले का पूर्ण विरोध करेगी।
वार्ड के नागरिकों और कार्यकर्ताओं की बैठक में चुनावी परिस्थितियों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि पूर्व पार्षद के रूप में प्रतीक स्वामी ने सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई सहित कई विकास कार्य करवाए। समर्थकों का दावा है कि सरल और सहयोगी व्यवहार के कारण स्वामी की वार्ड के विभिन्न वर्गों में मजबूत पकड़ है।
बैठक में वार्डवासियों ने कहा कि वे भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं, लेकिन वार्ड के विकास और जनता की भावनाओं की कीमत पर कोई समझौता स्वीकार नहीं करेंगे। यदि पार्टी प्रतीक स्वामी को टिकट नहीं देती है तो वार्ड की जनता और कार्यकर्ता पार्टी के फैसले का पूर्ण विरोध करेंगे।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग विवेक बाल स्कूल के पास स्थित प्रतीक स्वामी के आवास के बाहर एकत्रित हुए। लोगों ने उनके प्रति अपना समर्थन और विश्वास जताया। समर्थकों ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरुद्ध अभियान नहीं, बल्कि वार्ड के विकास और जनता के विश्वास की लड़ाई है।
हालांकि, भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 22 के प्रत्याशी को लेकर आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
वहीं प्रतीक स्वामी का कहना है कि पार्टी से बातचीत चल रही है अभी टिकट बदल भी सकती है। फिर भी वार्ड की जनता जो कहेगी वो ही सर्वोपरि होगा।

