श्रवण नैण बोले-वित्तीय व्यवस्था में सुधार और व्यापारियों का पैसा सुरक्षित रखना प्राथमिकता
बीकानेर. बीकानेर अनाज मंडी में कच्ची आढ़त व्यापार संघ के अध्यक्ष पद के लिए 31 अगस्त को मतदान होगा। चुनाव में मंडी के 306 व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर नया अध्यक्ष चुनेंगे। अध्यक्ष पद के लिए जयदयाल डूडी और श्रवण नैण आमने-सामने हैं। चुनाव से पहले दोनों प्रत्याशी व्यापारियों से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी श्रवण नैण ने खास बातचीत में कहा कि वह व्यापारियों और किसानों की समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। वर्तमान में मंडी के व्यापारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में बिड की व्यवस्था, सीजन के दौरान भारी आवक से पैदा होने वाली यातायात समस्या और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार जरूरी है।
नैण ने कहा कि यदि व्यापारियों ने उन्हें समर्थन देकर परिवर्तन का अवसर दिया तो सबसे पहले संघ की वित्तीय व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। किसी भी व्यापारी का पैसा नहीं डूबे और उसका भुगतान सुरक्षित रहे, यह उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही मंडी में अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को बिड और अन्य प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थित कार्ययोजना बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि उनका नेतृत्व और संघर्ष से पुराना जुड़ाव रहा है। करीब 27 वर्ष पहले उन्होंने राजकीय डूंगर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव लड़ा था और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उस दौरान महाविद्यालय की अधिकांश फैकल्टी का स्थानांतरण कर दिया गया था। विद्यार्थियों के हित में आंदोलन किया गया और स्थानांतरित फैकल्टी को वापस लाने की मांग उठाई गई। संघर्ष के बाद फैकल्टी को दोबारा महाविद्यालय में लगाया गया।
श्रवण नैण ने कहा, “मैं किसी राजनीतिक परिवार से नहीं, बल्कि किसान परिवार से आता हूं। जब मुझे अपने व्यापारी भाइयों की समस्याओं और दुख का पता चला तो उनकी आवाज बनने के लिए चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। मैं एक बड़े और राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशी के सामने खड़ा हूं, लेकिन मुझे मंडी के व्यापारियों पर पूरा विश्वास है।”
उन्होंने बीकानेर अनाज मंडी के विकास को लेकर अपना विजन भी साझा किया। नैण ने कहा कि वह बीकानेर अनाज मंडी को भामाशाह कोटा मंडी की तर्ज पर विकसित देखना चाहते हैं। व्यापारियों और किसानों को आधुनिक सुविधाएं मिलें तथा बीकानेर मंडी प्रदेश की प्रमुख मंडियों में शामिल हो, यही उनका सपना है। इसे सभी व्यापारी भाइयों के सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है।
अपने व्यापारिक सफर के बारे में नैण ने बताया कि वह दसवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही कच्ची आढ़त के कारोबार से जुड़ गए थे। सहीराम दुसाद उनके मार्गदर्शक रहे। उनके साथ रहते हुए कच्ची आढ़त व्यापार में रुचि बढ़ी और धीरे-धीरे वह पूरी तरह इस व्यवसाय से जुड़ गए। लंबे व्यापारिक अनुभव के आधार पर उन्हें मंडी, व्यापारियों और किसानों की समस्याओं की गहरी समझ है।

