यात्रियों से भरी स्लीपर बस में लगी भीषण आग, पूरी बस जलकर राख
बीकानेर. जिले के महाजन क्षेत्र में नेशनल हाईवे संख्या 62 पर देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया। महाजन और लालेरा के बीच जोधपुर से श्रीगंगानगर जा रही यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस पूरी तरह जल गई।
घटना के बाद हाईवे पर हड़कंप मच गया। यात्रियों से भरी बस में आग लगने की सूचना से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

