श्रीडूंगरगढ़ में चाकूबाजी से हत्या, मौके पर पहुंची FSL टीम, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Bikaner News

श्रीडूंगरगढ़ में चाकूबाजी से हत्या, मौके पर पहुंची FSL टीम, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Oct 21, 2026

बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के जालबसर गांव में चाकू से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटनास्थल पर FSL टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।

 

 

पुलिस के अनुसार, परिवादी सांवरमल पुत्र हरिराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई नेमाराम पर रात के समय गांव के मुख्य गुवाड़ में कालूराम पुत्र सीताराम और अन्य लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में नेमाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

 

परिजन घायल नेमाराम को गाड़ी से बीरमसर में चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां से उसे श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने नेमाराम को मृत घोषित कर दिया।

 

 

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और FSL टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ थाना अधिकारी कश्यप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। FSL टीम भी मौके पर पहुंच गई है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।

 

 

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

 

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

घटना के बाद मृतक का शव श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

;