लूणकरणसर में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला, गला कटने से गंभीर घायल
बीकानेर. लूणकरणसर के वार्ड नंबर 29 में गर्ल्स स्कूल के पीछे एक घर में घुसकर अज्ञात युवक द्वारा बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला का गला कटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात युवक घर में घुसा और बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला के गले पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन तुरंत घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती करवाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर लूणकरणसर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, टाइगर फोर्स की टीम और महिपाल सिंह लाखाऊ भी अस्पताल पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हमले के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

