महाजन सीएचसी में प्रसव के दौरान 26 वर्षीय प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
Bikaner News

महाजन सीएचसी में प्रसव के दौरान 26 वर्षीय प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

Nov 7, 2026

बीकानेर. जिले के महाजन कस्बे में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को प्रसव के दौरान 26 वर्षीय प्रसूता की मौत हो गई। मृतका की पहचान वार्ड संख्या 02 निवासी कोमल ओझा पुत्री गजानंद ओझा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे प्रसव के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। प्रसूता की मौत से परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।

 

 

परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर चिकित्सकीय लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर उचित उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होती तो कोमल की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

परिजनों का आरोप है कि महाजन सीएचसी में लंबे समय से चिकित्सकीय व्यवस्थाएं बदहाल हैं। करीब छह महीने पहले भी डॉक्टरों की कमी और अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद अस्पताल में दो डॉक्टरों की नियुक्ति की गई थी। लेकिन परिजनों का आरोप है कि नियुक्ति के बावजूद दोनों चिकित्सक नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते और उनकी अनुपस्थिति में भी उपस्थिति दर्ज कर दी जाती है।

 

घटना के बाद मामला गरमा गया है। सूचना मिलने पर लूणकरणसर सीओ और सीएमएचओ भी मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग पूरे मामले की जांच करवाने तथा अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

 

 

फिलहाल प्रसूता की मौत के वास्तविक कारणों और चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना ने ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

;