शहर में पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारियां शुरू
Bikaner News Technology

शहर में पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारियां शुरू

Jan 27, 2026

बीकानेर. बीकानेर शहर की जनता के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। इलेक्ट्रॉनिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने की दिशा में अब शहर में पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत आमजन को इलेक्ट्रॉनिक वाहन चार्ज करने की सरकारी सुविधा जल्द ही उपलब्ध होगी।

 

 

पिछले कुछ समय से बीकानेर में इलेक्ट्रॉनिक कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहनों की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत शहर में इलेक्ट्रॉनिक वाहनों की चार्जिंग के लिए सरकारी चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, ताकि ईवी उपयोगकर्ताओं को चार्जिंग को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

योजना के क्रियान्वयन और समन्वय की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। इसके लिए निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो चार्जिंग स्टेशन की स्थापना, स्थान चयन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। शुरुआती चरण में शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों के आसपास चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी है।

 

 

इस पहल से न सिर्फ ईवी चालकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह एक अहम कदम माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होने से आने वाले समय में बीकानेर में इलेक्ट्रॉनिक वाहनों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी, जिससे ईंधन पर निर्भरता कम होगी और शहर को स्वच्छ-हरित बनाने में मदद मिलेगी।