बीकानेर में सेना भर्ती 29 जनवरी से, बड़ी संख्या में युवा लेंगे भाग

बीकानेर. जिले में सेना भर्ती 2025-26 का आयोजन 29 जनवरी से 18 फरवरी तक किया जाएगा। यह भर्ती प्रक्रिया स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के खेल मैदान में संपन्न होगी, जहां अभ्यर्थियों के लिए सेना भर्ती की दौड़ सहित अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
भर्ती की तैयारियों को लेकर टीईटी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने खेल मैदान की ज्वाइंट विजिट की। इस दौरान अधिकारियों ने भर्ती स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में यह पांचवीं सेना भर्ती है, जिसे लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जिले में पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

