18 मार्च को होगा ‘ब्रह्मनाद’ का आयोजन, मातृ शक्ति ने बनाई धर्म-संस्कृति थीम पर रंगोलियां
बीकानेर। हिंदू नव वर्ष महोत्सव ‘ब्रह्मनाद संवत् 2083’ के तहत रविवार को स्थानीय धरणीधर मंदिर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बीकानेर सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें मातृ शक्ति ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की संयोजक आरती आचार्य और राजकुमारी व्यास रही, जबकि सह संयोजक के रूप में संध्या पुरोहित और मीनाक्षी व्यास ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। प्रतियोगिता में कुल 9 टीमों ने भाग लिया और धर्म व भारतीय संस्कृति की थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाई। इनमें भगवान विष्णु के दशावतार विषय पर बनाई गई रंगोली को निर्णायकों ने विजेता घोषित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक विद्या स्वामी और चंद्रकला सोनी रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पृथ्वीराज हर्ष और सुधा हर्ष उपस्थित रहे, जबकि यतींद्र जी और शिखा जी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रायोजक एसआईपी वाले राजेश पारीक रहे। कार्यक्रम का संचालन ज्योति स्वामी ने किया।
इस अवसर पर बताया गया कि हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में 18 मार्च को पुष्करणा स्टेडियम में ‘ब्रह्मनाद’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यकर्ता शहर में घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।
आयोजन समिति के उमाकांत व्यास ने बताया कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवान विष्णु के दशावतार का विशेष संगीतमय मंचन किया जाएगा, जिसमें मत्स्य अवतार से लेकर कल्कि अवतार तक की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय नव वर्ष विक्रम संवत् और भारतीय संस्कृति के महत्व से अवगत कराना है तथा नव संवत्सर को संगीतमय, भक्तिमय और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाने का संदेश देना है।

