श्री महालक्ष्मी हवन यज्ञ की दिव्य ऊर्जा से सराबोर हो रहे श्रद्धालु
Bikaner News Dharm Karam

श्री महालक्ष्मी हवन यज्ञ की दिव्य ऊर्जा से सराबोर हो रहे श्रद्धालु

Mar 25, 2026

बीकानेर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित बीकानेर आध्यात्मिक शक्ति महोत्सव में श्री महालक्ष्मी हवन यज्ञ की अलौकिक ऊर्जा से श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। ग्यारह दिवसीय इस विराट आयोजन में प्रतिदिन हवन, पूजन, जाप और अनुष्ठानों के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो रहा है, जिससे पूरी छोटीकाशी भक्ति और श्रद्धा के प्रकाश से आलोकित हो उठी है।

शक्तिपीठाधीपति जगद्गुरु श्री वसंत विजयानंदगिरीजी महाराज की पावन निश्रा में आयोजित इस महोत्सव के छठे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। राजस्थान ही नहीं, देश-विदेश से भी भक्त यहां पहुंचकर यज्ञ में आहुति देकर मां की कृपा प्राप्त कर रहे हैं। प्रतिदिन दोपहर के सत्र में मां पद्मावती की आराधना के साथ विभिन्न बीज मंत्रों, सहस्त्रनाम स्तोत्र पाठ और 9 कुंडों में दुर्लभ औषधियों, शुद्ध देशी घी व मेवों की आहुतियों से यज्ञ संपन्न हो रहा है।

जगद्गुरु श्रीजी ने अपने प्रवचनों में कहा कि “मन से ही संसार का निर्माण होता है। यदि व्यक्ति अपने मन से दुख और दरिद्रता को निकाल दे, तो जीवन में सुख और समृद्धि स्वतः आ जाती है।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक क्रिया का फल अवश्य मिलता है, यदि परिणाम नहीं मिल रहा तो अपनी क्रियाओं में सुधार आवश्यक है।

इस अवसर पर पूज्य संतश्री ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से सिद्ध रक्षा सूत्र प्रदान किया। मंत्रोच्चारण के साथ लाल धागे में 27 गांठें बांधकर इसे सिद्ध किया गया, जिसमें पहली गांठ स्वयं जगद्गुरु के मंत्र प्रभाव से लगने की अद्भुत अनुभूति भक्तों को हुई। श्रद्धालुओं ने इसे दिव्य और चमत्कारी अनुभव बताया।

प्रवचन के दौरान उन्होंने मां कात्यायनी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह देवी विवाह, प्रेम और मनोकामना पूर्ति की अधिष्ठात्री हैं। उन्होंने बताया कि गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पाने के लिए मां कात्यायनी की आराधना की थी।

संतश्री ने दान और धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “जहां दया और दान होगा, वहां लक्ष्मी का स्थायी निवास होता है।” उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में सच्चे भाव और सेवा भावना अपनाने की प्रेरणा दी।

श्री पार्श्व पद्मावती सेवा ट्रस्ट कृष्णगिरी द्वारा आयोजित इस भव्य महोत्सव में प्रतिदिन तीन समय प्रसाद स्वरूप भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जो देर रात तक निरंतर चलता है।

ट्रस्टी डॉ. संकेश छाजेड़ ने बताया कि कार्यक्रम में पं. रामेश्वरानंद जी पुरोहित (ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम) और बालोतरा से पधारे संत सनातनीजी महाराज ने भी सहभागिता कर अपने विचार व्यक्त किए और जगद्गुरु श्रीजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जगद्गुरु श्री वसंत विजयानंदगिरीजी महाराज के अधिकृत “थॉट योगा” यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के भक्त भी इस दिव्य आयोजन से जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।