फन्ना बाबू को पद्म विभूषण दिलाने की मांग तेज, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को सौंपा ज्ञापन

बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के सीएमडी स्व. शिवरतन अग्रवाल को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से अनुशंसा करने का आग्रह किया गया।
श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टी श्रीकिशन मूंधड़ा ने बताया कि स्व. शिवरतन अग्रवाल के निधन से न केवल बीकानेर बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम और नवाचार के माध्यम से बीकाजी को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में भारतीय पारंपरिक खाद्य उत्पादों को वैश्विक मंच मिला और “मेक इन इंडिया” की भावना को मजबूती मिली।
उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि स्व. शिवरतन अग्रवाल केवल सफल उद्योगपति ही नहीं बल्कि संवेदनशील समाजसेवी भी थे। शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने बताया कि उनके परिवार द्वारा बीकानेर में करोड़ों रुपये की लागत से हल्दीराम मूलचंद कार्डियो वैस्कुलर सेंटर का निर्माण करवाकर आमजन को समर्पित किया गया।
पुखराज चोपड़ा ने कहा कि स्व. शिवरतन अग्रवाल ने हजारों जरूरतमंद परिवारों की मौन रहकर सहायता की तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व ने उद्योग एवं समाज सेवा दोनों क्षेत्रों में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्र निर्माण, उद्योग विकास और सामाजिक सेवा में उनके अद्वितीय योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत देश के द्वितीय सर्वोच्च नागरिक सम्मान “पद्म विभूषण” से सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर श्यामसुंदर सोनी, वीरेंद्र किराड़ू, राजीव शर्मा, पवन पचीसिया, शुभम लड्ढा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

