नृसिंह सत्संग उद्यान में 17 मई से होगा श्री नवाह्न परायण पाठ

बीकानेर। मानस प्रचार समिति लखोटिया चौक के बैनर तले 17 से 25 मई तक स्थानीय नृसिंह सत्संग उद्यान में श्री नवाह्न परायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को सर्वेश्वरनंद महाराज के कर कमलों से किया गया।
समिति अध्यक्ष राजेश चूरा ने बताया कि कथा का वाचन जोधपुर के पं. गिरधर गोपाल और सुशील आसोपा के मुखारविंद से होगा। दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक चलने वाली संगीतमय कथा में प्रतिदिन एक पाठ का वाचन किया जाएगा।
समिति सचिव राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि आयोजन से पूर्व एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो एमएम खेल मैदान के पास स्थित राम मंदिर से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः कथा स्थल पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को पूर्व सूचना देने पर रहने और भोजन की निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। इस पारायण पाठ में विमर्शानंद जी, श्रीधर जी, सरजू दास महाराज, शिवेंद्राश्रम महाराज और श्याम सुंदर महाराज का सानिध्य रहेगा।
इस अवसर पर पधारे संतों ने कहा कि नवाह्न परायण पाठ के वाचन से मन को शांति, ध्यान और समर्पण की भावना को बढ़ावा मिलता है। साथ ही आध्यात्मिक जागरूकता और मानसिक स्थिरता में भी वृद्धि होती है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में बलभद्र व्यास, सुरेश कोठारी, कांशीराम माली, किशन आसोपा, रामकिशन व्यास, नरेश पुरोहित, ओम जी, नितिन आसोपा, सुरेंद्र, विक्रम पुरोहित और चन्द्रशेखर श्रीमाली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

