बीकानेर की बेटी मुस्कान बोथरा ने बढ़ाया शहर का मान, भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए किया क्वालिफाई

बीकानेर। शहर की होनहार बेटी मुस्कान बोथरा ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई कर बीकानेर का नाम रोशन किया है। महज 12 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल करना पूरे शहर के लिए गर्व का विषय बन गया है।
मुस्कान प्रसिद्ध फिजिक्स व्याख्याता रविरंजन बोथरा एवं प्रियंका बोथरा की सुपुत्री हैं। वह श्री जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं और जय नारायण व्यास कॉलोनी की निवासी हैं। वर्तमान में वह कैलिबर शूटिंग अकादमी में कोच सुनील के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
भारतीय टीम ट्रायल्स के दौरान मुस्कान को भारत की प्रसिद्ध निशानेबाज और मनु भाकर से मिलने का अवसर भी मिला। मनु भाकर से मुलाकात मुस्कान के लिए बेहद प्रेरणादायी रही।
मुस्कान ने बताया कि मनु भाकर की सादगी, विनम्रता और सहज व्यक्तित्व ने उन्हें काफी प्रभावित किया। मनु भाकर ने उन्हें शूटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देने के साथ अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा भी दी।
मुस्कान की इस उपलब्धि पर शहरवासियों, खेल प्रेमियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

