ओपन स्कूल के विद्यार्थियों के लिए राहत, ऑनलाइन मार्कशीट पर मिलेगा स्कूल में दाखिला
बीकानेर. राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बिना मूल अंकतालिका एवं माइग्रेशन प्रमाणपत्र के स्कूलों में अस्थायी प्रवेश देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं समग्र शिक्षा अभियान के पदेन अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक ललित कुमार ने इस संबंध में प्रदेश के सभी संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं पीईईओ/यूसीईईओ को आदेश जारी किए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल का 10वीं का परीक्षा परिणाम 25 जून 2026 को घोषित हो चुका है, लेकिन अपरिहार्य कारणों से विद्यार्थियों को अभी तक मूल अंकतालिका और माइग्रेशन प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं हो सके हैं। ऐसे में विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें इंटरनेट से डाउनलोड की गई मार्कशीट के आधार पर अस्थायी प्रवेश देने की अनुमति प्रदान की गई है।
राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल के निदेशक महेंद्र कुमार खींची ने अपने पत्र में बताया कि ओपन स्कूल के अधिकांश विद्यार्थी वे हैं जो विभिन्न कारणों से मुख्यधारा की शिक्षा से बाहर हो गए थे। समय पर प्रवेश नहीं मिलने से उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए सभी विद्यालयों में इन विद्यार्थियों का अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने सभी अधिकारियों से कहा है कि वे अपने अधीनस्थ विद्यालयों के संस्था प्रधानों को आवश्यक निर्देश जारी कर इस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी का प्रवेश दस्तावेजों के अभाव में न रुके।

